पिछले लंबे वक्त से दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच में गठबंधन की अटकलें लगाई जा रही थीं। गौरतलब है कि मोदी विरोधी गठबंधन में आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है। लेकिन दिल्ली में आप के साथ गठबंधन करने के लिए कांग्रेस 2 खेमों में बंटी हुई नजर आ रही थी।
एक तरफ कांग्रेस हाईकमान गठबंधन के पक्ष में था, तो वहीं दिल्ली प्रदेश कांग्रेस इसके खिलाफ था। जिसके चलते ये मामला फंसा हुआ था, लेकिन आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 6 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। जिसके बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन की अटकलों पर विराम लग गया है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 6 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। आप नेता और दिल्ली के संयोजक गोपाल राय ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए आम आदमी पार्टी ने अभी तक लोकसभा की 6 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। हालांकि, अभी एक सीट पर ऐलान होना बाकी है।
ये है आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार
आम आदमी पीर्टी ने दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा सीट से पंकज गुप्ता को उम्मीदवार चुना है। वहीं उत्तर पूर्वी दिल्ली से दिलीप पांडेय, पूर्वी दिल्ली से आतिशी, दक्षिणी दिल्ली से पार्टी के दिग्गज प्रवक्ता राघव चड्ढा को प्रत्याशी चुना गया है। इसके अलावा उत्तर पश्चिम दिल्ली से गुग्गन सिंह और नई दिल्ली से बृजेश गोयल चुनाव लड़ने वाले हैं।
यहां पर ध्यान देने वाली बात है कि पश्चिमी दिल्ली से अभी तक किसी के भी नाम की घोषणा नहीं की गई है। ऐसा माना जा रहा है कि इस सीट के उम्मीदवार का नाम का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। पार्टी के नेता गोपाल राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कहा कि अभी इस सीट पर चर्चा की जा रही है और जल्द ही इस सीट से उम्मीदवार की भी घोषणा कर दी जाएगी।
दूसरे राज्यों में भी हुई घोषणा
आपको बता दें कि इससे पहले आम आदमी पार्टी ने दक्षिणी गोवा से एल्विस गोवा के नाम का ऐलान किया था। ये ऐलान फरवरी महीने में ही कर दिया गया था। इसके अलावा पंजाब में भी आम आदमी पार्टी ने गठबंधन कर सीटों का फॉर्मुला निकाल लिया है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने टकसाली दल के साथ गठबंधन किया है। जिसमें आप 10 सीटों पर और टकसाली 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। वहीं आनंदपुर साहिब की सीट पर दोनों दलों का साझा उम्मीदवार होगा।