पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बताया कि भारत ने अंतरिक्ष में बड़ी कामयबी हासिल की है और लो अर्थ ऑर्बिट में एक सैटलाइट को मार गिराया है। अंतरिक्ष में 300 किलोमीटर की दूरी पर सैटलाइट को मार गिराने के अभियान को ‘मिशन शक्ति’ का नाम दिया गया है।
इस अभियान की सफलता के साथ ही भारत पूरी दुनिया में चौथे नंबर पर बन गया है। जिसके पास अंतरिक्ष में भी युद्धक क्षमता है। इस पूरे अभियान की जानकारी देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ ही वक्त पहले भारत ने एक अभूतपूर्व सिद्धि प्राप्त की है। भारत ने दुनिया में अंतरिक्ष महाशक्ति के तौर पर अपना नाम दर्ज करा दिया है।
भारत से पहले अभी तक अमेरिका, रूस और चीन को ही ये उपलब्धि हासिल थी। अब भारत भी इस ताकत को हासिल करने वाला चौथा देश है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ ही समय पहले हमारे वैज्ञानिकों ने 300 किलोमीटर दूर लो अर्थ ऑर्बिट में एक सैटेलाइट को मार गिराया है। ये ऑपरेशन सिर्फ 3 मिनट में ही पूरा किया गया। मिशन शक्ति नामक ये ऑपरेशन काफी कठिन था, जिसमें उच्च कोटि की तकनीकी क्षमता की जरूरत थी।
पीएम मोदी ने कहा कि हम सभी भारतीयों के लिए ये एक गर्व की बात है। ये पराक्रम भारत में ही तैयार ए-सैट मिसाइल द्वारा किया गया है। पीएम ने इस अभियान से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी और कहा कि आज फिर देश का मान बढ़ा है। साथ ही मोदी ने देश के वैज्ञानिकों पर गर्व की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि हमारे सैटलाइट का लाभ सभी को मिलता है। आने वाले दिनों में इनका इस्तेमाल और महत्व बढ़ना है। ऐसे में इनकी सुरक्षा भी बेहद महत्वपूर्ण है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का ये परीक्षण किसी भी तरह के अंतरराष्ट्रीय कानून या संधि समझौतों का उल्लंघन नहीं है। हम इसका इस्तेमाल 130 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा और शांति के लिए ही करना चाहते हैं। हमारा सामरिक उद्देश्य युद्ध का माहौल बनाए रखने की बजाय शांति बनाए रखना है। पीएम मोदी ने कहा कि आज का ये कदम भविष्य की सुरक्षा के लिए एक अहम कदम है। आज की इस सफलता को आने वाले वक्त में एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण राष्ट्र के लिए बढ़ते हुए कदम के तौर पर देखना चाहिए। ये जरूरी है कि हम आगे बढ़ें और खुद को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करें।
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एक ट्वीट कर देशवासियों के नाम कुछ ही देर में एक महत्वपूर्ण संदेश जारी करने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि वो सुबह 11:45 से 12:00 बजे के बीच महत्वपूर्ण संदेश लेकर आएंगे। पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताया था कि मैं देश को एक महत्पूर्ण संदेश 11:45 से 12:00 बजे के बीच में जारी करूंगा। आप टेलिविजन, रेडिया और सोशल मीडिया पर देखें। पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के नाम संदेश जारी करने से पहले सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति और अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ मीटिंग की थी।