TaazaTadka

शीला दीक्षित के वो 10 काम जो कभी नहीं भूलेंगे दिल्लीवासी

दिल्ली में लगातार 15 सालों तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस की दिग्गज नेता शीला दीक्षित का 20 जुलाई को निधन हो गया है। शीला दीक्षित ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में साल 1998 से 2013 तक काम किया है। इस दौरान वो दिल्ली के विकास के लिए हमेशा याद रही है। मुख्यमंत्री रहने के दौरान शीला दीक्षित ने जो विकास कार्य किए वो दिल्ली की जनता हमेशा याद रखेगी। शीला दीक्षित ने अपने 15 साल के कार्यकाल में दिल्ली की पूरी सूरत ही बदल कर रख दी थी। उन्होंने अपने कार्यकाल में फ्लाईओवर से लेकर बड़े-बड़े अस्पताल खुलवाने तक कई बड़े-बड़े काम किए है। तो चलिए जानते हैं कि शीला दीक्षित के दिल्ली के विकास के लिए किए 10 बड़े काम।

  1. दिल्ली में पहली बार मेट्रो की शुरुआत साल 2002 में की गई थी। उस समय शीला दीक्षित पहली बार दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी थी। उसी कार्यकाल में उन्होंने दिल्ली को मेट्रो का तोहफा दिया। इसके बाद दिल्ली मेट्रो का विस्तार राजधानी के चारों कोनों में हुआ। नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद तक मेट्रो पहुंचती गई। और आज ये मेट्रो ही है जो दिल्ली की पहचान बन कर रह गई है। इसी की वजह से आज दिल्ली की यात्रा बेहद सुविधाजनक हो गई है।
  2. 2003 में दिल्ली ने 19वें कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी हासिल की थी। जिसके बाद साल 2010 में शीला दीक्षित के मुख्यमंत्री रहते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स का सफलता के साथ आयोजन किया गया था।
  3. एम्स, बारापुला और DND जैसे भीड़ वाले इलाकों में उन्होंने फ्लाईओवर बनवाए थे। जिनकी वजह से दिल्ली को जाम की समस्या से निजात मिली थी। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शीला सरकार में दिल्ली के अंदर 87 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए थे।
  4. दिल्ली की सड़कों पर बसों को प्रदूषण मुक्त करवाना शीला दीक्षित सरकार की एक सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। उन्होंने दिल्ली परिवहन निगम की भी सूरत बदली और पुरानी बसों को हटाकर, नई लो-फ्लोर बसों को शामिल किया था। जिनमें एसी बसें भी शामिल हैं। शीला दीक्षित की सरकार में ही दिल्ली में सीएनजी बसों की शुरुआत हुई।
  5. इसके अलावा दिल्ली की सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया और पतली और संकरी सड़कों को चौड़ा कराया गया था। जो कि आज भी दिल्ली वालों के लिए राहत का सबब बनी हुई है।
  6. शीला दीक्षित के मुख्यमंत्री बनने से पहले दिल्ली में बिजली की व्यवस्था काफी खराब हुआ करती थी। शीला दीक्षित की सरकार में दिल्ली को 24 घंटे बिजली मिलना शुरू हुई थी।
  7. दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए उन्होंने हरियाली बढ़ाने का काम किया है। दिल्ली में पार्क और पेड़ों की संख्या बढ़ाने की पहल की थी। शीला दीक्षित के कार्यकाल में ग्रीन कवर 25% बढ़ गया था।
  8. दिल्ली में जाम से मुक्ति और ट्रैफिक सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए कई प्रयास किए गए थे। इनमें से एक है बीआरटी कॉरिडोर, जो कि दक्षिण दिल्ली आने जाने वाले लोगों के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ था।
  9. शीला दीक्षित ने इसके अलावा बच्चियों की पढ़ाई के लिए भी कई बड़े कदम उठाएं और लड़कियों की पढ़ाई की दिशा बदल कर रख दी थी। मुफ्त शीक्षा की तरफ शीला ने कई कदम लिए थे।
  10. शीला दीक्षित एक ऐसी नेता थी, जो कि विरोधी होते हुए भी हमेशा विरोधियों के लिए सम्मान बनी रही थी। उनके राजनीतिक विरोधियों ने भी बमेशा उनके कामों की तारीफ की है। सत्ता से दूर होने के बाद भी शीला दीक्षित दिल्ली के विकास कार्यों पर काफी नजदीक से नजर रखती थी, वो औचक दौरे करती रहती थी। ये जानने की कोशिश करती थी कि दिल्ली में विकास कार्य की क्या रफ्तार रही है। अपने अंतिम वक्त तक भी वो राजनीति में काफी सक्रिय रही है।

शीला दीक्षित को उनके विरोधियों ने भी हमेशा एक अजातशत्रु माना है। उन्हें दूसरे दलों के नेताओं ने भी दिल्ली के विकास के लिए याद किया है। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक ने उनके निधन पर उन्हें एक विकास महिला के रूप में याद किया।