Headline

सियाचिन ग्लेशियर को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है। एक ओर भारत की सेना तो दूसरी ओर पाकिस्तान की सेना यहां हमेशा आंख गड़ाए बैठी हुई नजर आ जाती है।

TaazaTadka

लॉकडाउन के दौरान भारत में बढ़े घरेलू हिंसा के मामले, यूपी टॉप पर…

लॉकडाउन की वजह से इस वक्त घरेलू हिंसा की बहुत-सी शिकायतें आ रही हैं। महिलाएं पुलिस तक नहीं पहुंच पा रहीं हैं या फिर वो पुलिस के पास नहीं जाना चाहती
Information Taranjeet 5 April 2020
लॉकडाउन के दौरान भारत में बढ़े घरेलू हिंसा के मामले, यूपी टॉप पर...

लॉकडाउन की वजह से इस वक्त घरेलू हिंसा की बहुत-सी शिकायतें आ रही हैं। महिलाएं पुलिस तक नहीं पहुंच पा रहीं हैं या फिर वो पुलिस के पास नहीं जाना चाहती क्योंकि उन्हें डर है कि जब उनका पति पुलिस स्टेशन से एक-दो दिन बाद बाहर आ जाएगा तब और ज्यादा परेशान करेगा। इस समय वो अपने मां-बाप के घर भी नहीं जा सकती हैं। ये बातें राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने देश में लागू लॉकडाउन के बीच महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर मिलने वाली शिकायतों के संदर्भ में कहीं हैं। उन्होंने कहा कि घर बैठे पुरुष तनाव में अपनी भड़ास महिलाओं पर निकाल रहे हैं इसलिए ऐसी शिकायतें अधिक आ रही है।

विश्व से आई है ऐसी शिकायतें

हाल ही में जर्मन फेडरल एसोसिएशन ऑफ वीमन्स काउंसलिंग सेंटर्स एंड हेल्प लाईन्स (बीएफई) ने कोरोना महामारी के बीच घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों पर एक रिपोर्ट जारी करते हुए कहा था कि कई लोगों के लिए उनका घर ही पहले से सुरक्षित नहीं है। बीएफई ने दुनिया के देशों को आगाह किया था कि सोशल आइसोलेशन के चलते लोगों में तनाव पैदा हो रहा है और इससे महिलाओं और बच्चों के खिलाफ घरेलू और यौन हिंसा में बढ़ोत्तरी हो रही है। पहले ऑस्ट्रेलिया, विक्टोरिया, श्रीलंका और कई देशों में बड़े पैमाने पर ऐसी घटनाएं देखने को मिली लेकिन अब भारत में भी इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग के मुताबिक, घरेलू हिंसा की शिकायतें लगभग दोगुनी हो गई हैं जबकि अभी सिर्फ ऑनलाइन शिकायतें ही आ रही हैं।

इस संबंध में राष्ट्रीय महिला आयोग ने 23 मार्च से 1 अप्रैल तक का आंकड़ा जारी किया और इसमें कुल 257 शिकायतें आईं हैं, जिसमें घरेलू हिंसा की करीब 69 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं और ये एक के बाद एक बढ़ती ही जा रही हैं। कई शिकायतें आयोग की अध्यक्ष और स्टाफ को निजी ईमेल पर भी की गई हैं। इसी प्रकार, रेप या रेप की कोशिश की 13, सम्मान के साथ जीने के अधिकार के संबंध में 77 शिकायतें महिलाओं की ओर से मिली हैं। तो वहीं महिलाओं से साइबर अपराध के 15 मामले सामने आए हैं।

महिला उत्पीड़न मामले में यूपी सबसे ऊपर

आयोग द्वारा जारी लिस्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 90 शिकायतें मिली हैं तो दिल्ली से 37 और बिहार, महाराष्ट्रा से 18-18, मध्य प्रदेश से 11, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान से 9 मामले दर्ज हुए हैं। समाज के निचले तबके की ज्यादातर महिलाएं डाक के जरिए अपनी शिकायतें आयोग को भेजती हैं, लॉकडाउन की वजह से वो शिकायतें अभी तक आयोग के पास नहीं पहुंची हैं। इस लिहाज से ये आंकड़ा और ज्यादा बढ़ सकता है। कई महिलाएं शिकायत ही नहीं करती होंगी क्योंकि उस दौरान मारपीट करनेवाला उनके सामने ही रहता होगा। कई महिलाएं इसलिए भी शिकायत नहीं करती हैं कि अगर उनके पति को पुलिस ले गई तो सास-ससुर उन्हें ताने देंगे।

एक तरफ देश में कोरोना का कहर जारी है। महामारी के वायरस को फैलने से रोकने के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लागू है, करोड़ों लोग अपने घरों कैद हैं तो वहीं दूसरी ओर आधी आबादी संघर्ष कर रही है। पितृसत्ता की जड़ो में जकड़ा समाज रोज उसके अस्तित्व का एक नया इम्तिहान ले रहा है। घरेलू हिंसा अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि लॉकडाउन के चलते महिलाएं घरेलू हिंसा झेलने को मजबूर हैं। इस दौरान शिकायतें केवल उन महिलाओं द्वारा की जा रही हैं, जो शिक्षित हैं, जागरूक हैं। वास्तव में ये मामले कहीं ज्यादा हैं क्योंकि गरीब तबके से आने वाली महिलाओं के लिए अपने जीवनसाथी के हाथों उत्पीड़न की शिकायत कर पाना करीब करीब नामुमकिन है। इस लॉकडाउन के दौरान वो उन मर्दों के साथ रहने को मजबूर हैं, जो उनका लंबे समय से उत्पीड़न करते आए हैं।

पितृसत्ता वाली सोच और महिलाएं

औरत और मर्द का फर्क हमारे समाज की सोच में हमेशा से रहा है। पहले पुरुष काम के लिए बाहर चले जाते थे तो शायद थोड़ी देर के लिए महिलाओं को पितृसत्ता के बंधन से मुक्ति मिल जाती थी। लेकिन अब जब पुरुष दिन भर घर में रहता है, तो जाहिर है उसकी सोच उस पर और हावी हो जाती है। जब लॉकडाउन के चलते दुनियाभर में महिलाओं के उत्पीड़न की खबरें आईं तभी ये बात साफ थी कि भारत में भी ऐसे मामले बहुत बड़ी संख्या में देखने को मिलेंगे। ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब दुनियाभर में संकट का दौर चल रहा है तब महिलाएं एक और संकट का सामना कर रही हैं। इस वक्त लोग घरों में बंद हैं तो जाहिर है ज्यादा चिड़चिड़ापन हो जाता है और इसकी सारी कसर फिर घर की औरतों पर ही निकलती है। ऐसे में कोशिश आपसी मेल की होनी चाहिए। काम में कमियां निकालने की बजाय पुरुषों को महिलाओं के काम में हाथ बंटाना चाहिए क्योंकि औरतों के लिए इस वक्त वर्क फ्राम होम के साथ ही घर की भी दोहरी जिम्मेदारी है।

Taranjeet

Taranjeet

A writer, poet, artist, anchor and journalist.